असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित हो रही 14 योजनाएं

18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से प्रदेशभर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, विवाह, चिकित्सा, मातृत्व, आवास, मृत्यु एवं अंत्येष्टि सहित विभिन्न जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

आनी विधानसभा क्षेत्र में जनवरी 2026 से अब तक करीब 62 लाख रुपये के विभिन्न कल्याणकारी लाभ पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को प्रदान किए जा चुके हैं। बोर्ड की योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को लगातार सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

15 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशभर के बोर्ड लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये के विभिन्न कल्याणकारी लाभ प्रदान किए। इनमें आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड विकास खंड की दो विधवा महिला लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी शामिल रही।

हाल ही में निरमंड और आनी विकास खंडों में आयोजित 20 सूत्रीय कार्यक्रम की बैठकों की अध्यक्षता करते हुए मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और गैर-सरकारी सदस्यों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे नियमानुसार लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर के मार्गदर्शन में फील्ड कार्यालय रामपुर बुशहर द्वारा पंजीकृत लाभार्थियों की e-KYC प्रक्रिया लगातार जारी है। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों का सत्यापन सुनिश्चित करना और उन्हें योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि निर्माण श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में पात्र श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

खबर अभी अभी के लिए कुल्लू से सुशांत शर्मा।

Share the news