
18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, कुल्लू में शुक्रवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय का उद्घाटन किया गया। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने वर्चुअल माध्यम से नए न्यायालय का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि नए न्यायालय का शुभारंभ न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त, सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न्यायिक मामलों के त्वरित निस्तारण में सहायता मिलेगी और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्षों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कुल्लू में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय खोलने की दिशा में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री की ओर से किए गए प्रयासों की भी सराहना की।
इससे पहले प्रशासनिक न्यायाधीश (सिविल एवं सत्र मंडल, कुल्लू) न्यायमूर्ति राकेश कैंथला ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुल्लू प्रकाश चंद राणा ने मुख्य न्यायाधीश और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए नए न्यायालय के शुभारंभ को कुल्लू के न्यायिक तंत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अन्य न्यायमूर्तियों की भी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायालय कुल्लू के सभी न्यायिक अधिकारी, सहायक आयुक्त जयबन्ती ठाकुर, हिमाचल बार काउंसिल की सदस्य शिवानी शर्मा तथा अधिवक्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर बार एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष तेजा ठाकुर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
खबर अभी अभी के लिए कुल्लू से सुशांत शर्मा।





