ऊना-चंडीगढ़ हाईवे पर कबाड़ से भरा कैंटर पलटा, यातायात रहा प्रभावित

खबर अभी अभी ,

ऊना, जिला ऊना के ऊना-चंडीगढ़ हाईवे पर देहला गांव स्थित गुरुद्वारे के समीप देर रात कबाड़ से भरा एक कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक को चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कबाड़ से लदा कैंटर नंगल-मैहतपुर की ओर से ऊना आ रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन का फ्रंट एक्सल टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कैंटर सड़क के बीच पलट गया।

हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर वाहन फंसने से दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। इसके बाद वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई गई ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कैंटर को सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share the news