
खबर अभी अभी
कांगड़ा
जिले के जवाली थाना क्षेत्र की बेही पठियार पंचायत के मंडोल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 45 वर्षीय सुभाष चंद्र, जो पेशे से औजार बनाने का काम करते थे, की तेज धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई।
हैरानी की बात यह है कि वारदात उसी स्थान पर हुई, जहां सुभाष चंद्र प्रतिदिन बैठकर अपना काम किया करते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
इस सनसनीखेज हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।





