
कुल्लू। कामगारों की लंबित समस्याओं, रोजगार और अधिकारों को लेकर सर्व कामगार संगठन (हिमाचल प्रदेश) प्रदेशव्यापी जन आंदोलन की तैयारी में जुट गया है। संगठन ग्रामीण स्तर पर कामगारों को लामबंद कर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करेगा। इस दिशा में 23 और 24 जनवरी को बंजार में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह निर्णय सुंदरनगर स्थित संगठन कार्यालय में राज्य अध्यक्षा यशोदा की अध्यक्षता में आयोजित राज्य समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों और सदस्यों ने कामगारों की समस्याओं, संगठन के विस्तार और आगामी संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि सभी जिला इकाइयां 20 दिसंबर तक अपनी सदस्यता राज्य कमेटी कार्यालय में जमा करवाएंगी। इसके साथ ही निर्माण कामगारों और वी.बी.जी.आर.ए.एम.जी. योजना से जुड़े श्रमिकों को जागरूक एवं संगठित करने के लिए पंचायत और ग्रामीण स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।
किसानों की समस्याओं को भी उठाएगा संगठन
संगठन ने किसानों की समस्याओं को भी अपने एजेंडे में शामिल किया है। आवारा पशुओं और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का स्थायी समाधान करने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के महासचिव अजित राठौर और राज्य सलाहकार अमर सिंह राघव ने कहा कि पंचायत स्तर पर वी.बी.जी.आर.ए.एम.जी. योजना में किए गए बदलावों के कारण कामगारों को रोजगार हासिल करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन हाजिरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं भी श्रमिकों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न क्लेम के मामले भी वर्षों से लंबित हैं।
मनरेगा बहाली और लंबित क्लेम जारी करने की मांग
संगठन ने केंद्र और प्रदेश सरकार से मनरेगा को बहाल कर सुचारू रूप से संचालित करने तथा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से लाखों कामगारों के लंबित क्लेम जल्द जारी करने की मांग की। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन मुद्दों को लेकर संगठन प्रदेशभर में जन आंदोलन तेज करेगा और कामगारों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा।
अमर सिंह राघव ने कामगारों से संगठन के मूल सिद्धांतों सत्य, ईमानदारी, सेवा, प्रेम और शांति को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मानसिक गुलामी से मुक्त समाज की स्थापना के लिए कामगारों को एकजुट होकर आगे आना होगा। अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं।
बैठक में मंडी से अमर सिंह राघव, यशोदा, जोगिंदर और ललित कुमार, कुल्लू से अजित राठौर, रागेश्वरी और गुड्डी सहित चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर के सदस्यों ने भाग लिया।






