दशहरा समाप्त होने के बाद भी ढालपुर मैदान पर व्यापारियों का कब्जा, पुलिस बल के साथ प्रशासन ने शुरू की सख्ती

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव समाप्त होने के बावजूद ढालपुर मैदान में डटे व्यापारियों पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। व्यापारिक मेले की अवधि समाप्त होने के बाद भी कई दुकानदारों द्वारा दुकानें नहीं हटाए जाने पर प्रशासन और नगर परिषद ने मैदान खाली करवाने की कार्रवाई तेज कर दी है।

मंगलवार को तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने ढालपुर मैदान से व्यापारियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासन ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे आज ही अपनी दुकानें समेटकर मैदान पूरी तरह खाली करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों का सामान जब्त किया जाएगा।

गौरतलब है कि दशहरा उत्सव के समापन के बाद ही प्रशासन की ओर से व्यापारियों को मैदान खाली करने के निर्देश जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद कई दुकानदार अभी भी मैदान में डटे हुए हैं। ऐसे में मैदान को खाली करवाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

व्यापारियों पर दबाव बनाने के लिए प्रशासन ने सोमवार को ही दशहरा मैदान की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी थी, ताकि दुकानदार जल्द से जल्द अपनी दुकानें समेट लें। हालांकि, बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बावजूद मैदान खाली नहीं होने पर अब प्रशासन ने पुलिस बल की मदद से कार्रवाई शुरू कर दी है।

तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम मैदान को खाली करवाने में जुटी हुई है। सभी व्यापारियों को आज ही मैदान खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी ने प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना की तो नियमानुसार उसका सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

Share the news