कुल्लू एयरपोर्ट पर एनसीसी की फ्लाइंग ट्रेनिंग शुरू, तीन दशक बाद मिली सुविधा

15 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

हिमाचल प्रदेश में एनसीसी कैडेट्स के लिए एविएशन प्रशिक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 1 HP एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू ने कुल्लू एयरपोर्ट पर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट की सफल लैंडिंग के साथ फ्लाइंग ट्रेनिंग सुविधा शुरू की है। इस क्षेत्र में ऐसी सुविधा के अभाव में करीब तीन दशक बीत चुके थे। इसे शुरू करने के लिए स्क्वाड्रन पिछले दो वर्षों से अधिक समय से प्रयासरत था।

इस सुविधा को शुरू करने के लिए ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA), एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), राज्य सरकार और जिला प्रशासन के साथ समन्वय किया गया। विभिन्न तकनीकी और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने, आवश्यक मंजूरियां लेने, राज्य सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने और वित्तीय संसाधन जुटाने के बाद यह उपलब्धि हासिल हुई।

फ्लाइंग ट्रेनिंग के लिए एयरक्राफ्ट हैंगर, ग्राउंड क्रू और तकनीशियनों के लिए कमरे, आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम तथा फ्लाइट सिम्युलेटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्क्वाड्रन ने ट्रायल लैंडिंग के साथ घाटी में उड़ान संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और आवश्यक प्रोटोकॉल भी तैयार किए हैं।

इस पहल से हिमाचल प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स को व्यावहारिक एविएशन प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उन्हें विमानन क्षेत्र की तकनीकी जानकारी और उड़ान प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलेगी। यह सुविधा प्रदेश के युवाओं को एविएशन में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने और भविष्य के पायलटों को तैयार करने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकती है।

Share the news