कुल्लू दशहरा के लिए 50 विशेष बसें रवाना, रायसन से बजौरा तक मिलेगी शटल सेवा

20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए विधायक एवं दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर ठाकुर ने ढालपुर चौक से 50 विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बेड़े में इलेक्ट्रिक और सामान्य बसें शामिल हैं।

सुंदर ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के सहयोग से उत्सव के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष बस सेवाएं चलाई जा रही हैं। रायसन से बजौरा तक और अन्य क्षेत्रों में नियमित शटल व सर्कुलर बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

उन्होंने बताया कि देर रात कला केंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त होने के आधे घंटे बाद तक अंतिम बस सेवा संचालित की जाएगी, ताकि कार्यक्रम देखने आए लोगों को घर लौटने में सुविधा मिले।

ऐतिहासिक देवी-देवताओं के महासमागम को देखते हुए इस बार विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। दशहरा समिति और प्रशासन ने शहर में पार्किंग की समस्या कम करने के लिए लोगों से निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने और सुरक्षित व सुगम यात्रा के लिए एचआरटीसी की विशेष बसों व शटल सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Share the news