अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में देव आस्था और वैश्विक संस्कृति का संगम, 10 देशों के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 का आयोजन 21 से 27 अक्टूबर तक ढालपुर मैदान में किया जाएगा। इस बार उत्सव में देव आस्था, हिमाचली लोक संस्कृति और वैश्विक सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी। उत्सव में 347 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। वहीं, 10 देशों के सांस्कृतिक दल ग्लोबल डांस कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रसिद्ध गायक सतिंदर सरताज, सलमान अली, काका और रोहनप्रीत सिंह सहित कई कलाकार सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देंगे।

कुल्लू के विधायक एवं अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को बहुउद्देश्यीय भवन कुल्लू में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। इस अवसर पर उपायुक्त एवं उत्सव समिति के उपाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. भी उपस्थित रहे।

सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ 21 अक्टूबर को राज्यपाल करेंगे और भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा में शामिल होंगे। 26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

21 से 27 अक्टूबर तक ढालपुर में रेहड़ी-फहड़ियों पर प्रतिबंध

उत्सव समिति के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि 21 से 27 अक्टूबर तक ढालपुर मैदान में रेहड़ी-फहड़ियां लगाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक परंपराओं की गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। देव समाज के साथ आने वाले देवलुओं, कारकूनों और श्रद्धालुओं के लिए भी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

ग्लोबल डांस में 10 देशों की भागीदारी

ग्लोबल डांस कार्यक्रम में इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, अमेरिका, रूस, थाईलैंड, मलेशिया, मिस्र, श्रीलंका और नेपाल के सांस्कृतिक दल भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, केरल और मणिपुर की लोक कलाओं एवं पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां भी होंगी।

22 अक्टूबर को पांच देशों के सांस्कृतिक दलों सहित हिमाचल और लद्दाख के प्रतिभागी प्रस्तुतियां देंगे। 24 और 26 अक्टूबर को नौ अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों के साथ विभिन्न भारतीय राज्यों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार, इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कुल्लू की पारंपरिक धुनों और विश्व की विभिन्न नृत्य शैलियों का समन्वय देखने को मिलेगा।

सांस्कृतिक संध्याओं में नामी कलाकार करेंगे मनोरंजन

लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में सातों दिन सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी। इनमें देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे।

21 अक्टूबर: ममता जोशी, राजीव राजा, युग्म हिमालय रूट और अभिज्ञा बैंड।

22 अक्टूबर: सलमान अली, दिव्या श्रीवास्तव, आयुष, पंकज डोगरा और बीरबल किन्नौरा।

23 अक्टूबर: काका, कुमार साहिल, अजय चौहान और सुनील राणा।

24 अक्टूबर: कुलदीप शर्मा, तत्त्वा बैंड और पुलिस बैंड ‘फीट ऑफ फायर’।

25 अक्टूबर: रोहनप्रीत सिंह, रमेश ठाकुर, अनुज शर्मा और लमन बैंड।

26 अक्टूबर: सतिंदर सरताज, इंदरजीत और फिरदौस बैंड।

27 अक्टूबर: ठाकुर दास राठी, कुशल वर्मा, खुशबू सहित अन्य लोक कलाकार।

Share the news