क्योंथल कॉन्वेंट स्कूल जुन्गा के वार्षिक समारोह में पहुंचे मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विकास के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा

17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने शनिवार को क्योंथल कॉन्वेंट स्कूल जुन्गा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए स्कूल समिति को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल ने तीन बच्चों से अपनी यात्रा शुरू की थी और आज बेहतर मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को योग्य नागरिक बनाना भी है।
जुन्गा क्षेत्र के विकास पर दिया जोर
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि जुन्गा ऐतिहासिक महत्व वाला क्षेत्र है और प्रदेश सरकार यहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ लंबित योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला और अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाना में बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंत्री ने शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
लोगों की समस्याएं भी सुनीं
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उचित मांगों का चरणबद्ध तरीके से समाधान करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, स्कूल के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य महेंद्र शर्मा, बीडीसी चेयरमैन तारा चंद, बीडीसी उपाध्यक्ष मेहतेंद्र, जुन्गा पंचायत प्रधान रामलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news