
सोलन। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की कालजयी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश हैं। उनकी शिक्षाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को समानता, निःस्वार्थ सेवा, विश्व बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती रही हैं।
राज्यपाल श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जिला सोलन के गुरुद्वारा सिंह सभा, सपरून में माथा टेकने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देशवासियों, विशेषकर सिख संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के तीन मूलभूत सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ एक संवेदनशील, समतामूलक और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का सशक्त आधार हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सिख गुरुओं के अद्वितीय बलिदान तथा स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में सिख समुदाय का योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
सिख विरासत के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार की पहलों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सिख विरासत और गौरवशाली इतिहास के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2019 में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का शुभारंभ सिख समुदाय की दशकों पुरानी आकांक्षा को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम रहा।
उन्होंने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की पहल का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया जाता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व और श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के राष्ट्रव्यापी आयोजनों का जिक्र किया।
राज्यपाल ने हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना, सेवा भोज योजना और वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए गए प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ये पहलें सिख विरासत के संरक्षण, धार्मिक भावनाओं के सम्मान और समुदाय के कल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
हिंदू-सिख एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान
हिंदू और सिख समुदायों के सदियों पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दोनों समुदायों की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने धार्मिक आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने वाली सोच के प्रति सतर्क रहने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को नशामुक्त हिमाचल प्रदेश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
अंत में राज्यपाल ने सभी के लिए सुख-शांति, समृद्धि और सर्वकल्याण की कामना की।






