
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी
घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी घरेलू LPG उपभोक्ता पिछली रिफिल की बुकिंग/डिलीवरी के 25 दिन पूरे होने के बाद अगली रिफिल बुक करवा सकेंगे।
जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिजेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि इस संबंध में जिले की संबंधित गैस एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्धारित 25 दिन का अंतराल पूरा होने के बाद रिफिल बुक करवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में मध्य-पूर्व में उत्पन्न संघर्ष की स्थिति के दौरान केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालय ने 12 मार्च 2026 को मांग प्रबंधन के अस्थायी उपाय के रूप में घरेलू LPG रिफिल की बुकिंग के लिए समय-सीमा निर्धारित की थी। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद रिफिल बुक करने की व्यवस्था थी।
अब LPG आपूर्ति की स्थिति में सुधार और मांग प्रबंधन संबंधी उपाय लागू किए जाने के समय की तुलना में लंबित रिफिल मांग में पर्याप्त कमी को देखते हुए मंत्रालय ने मौजूदा व्यवस्था में संशोधन किया है।
नई व्यवस्था के तहत सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए एक समान 25 दिन का अंतर-रिफिल बुकिंग अंतराल निर्धारित किया गया है। यानी अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता, दोनों ही पिछली रिफिल की बुकिंग/डिलीवरी के 25 दिन बाद अपनी अगली LPG रिफिल बुक कर सकेंगे।
इस फैसले से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जहां पहले 45 दिन की समय-सीमा लागू थी।





