
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

हिमाचल प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है। मौसम विज्ञानी संदीप कुमार शर्मा के अनुसार आगामी कुछ दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर, मंडी और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई।
सबसे अधिक बारिश करीब 50 मिलीमीटर सिरमौर जिले में दर्ज की गई, जबकि शिमला शहर में लगभग 4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
8 से 11 सितंबर तक कमजोर रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 सितंबर तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहेंगी। इस दौरान मुख्य रूप से मध्यवर्ती जिलों सिरमौर, सोलन, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में दोपहर बाद और देर शाम के समय एक-दो दौर हल्की बारिश के देखने को मिल सकते हैं।
राहत की बात यह है कि आगामी सप्ताह में भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
12 से 14 सितंबर के बीच फिर बढ़ सकती है बारिश
संदीप कुमार शर्मा के अनुसार 11 सितंबर के बाद 12 से 14 सितंबर तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने की संभावना है। इस दौरान मैदानी और मध्यवर्ती जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इनमें सिरमौर, सोलन, शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिले शामिल हैं। हालांकि इस अवधि में भी भारी बारिश की संभावना काफी कम है और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का ही अनुमान है।
तापमान सामान्य के आसपास, हमीरपुर सबसे गर्म
बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण प्रदेश के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
शिमला में करीब 23 डिग्री सेल्सियस, जबकि धर्मशाला और पालमपुर में 29 से 30 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किया गया। वहीं मैदानी जिलों मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर में तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रहा। हमीरपुर 34 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक मध्यवर्ती और मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर किसी तरह का अलर्ट नहीं है।





