
28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

शिमला। राजकीय महाविद्यालय चायल-कोटी में सोमवार को दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रदेशभर से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यातिथि अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि जूडो मार्शल आर्ट केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ देश के युवा भी जूडो में रुचि ले रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि करीब एक दशक पहले इस क्षेत्र में कोई महाविद्यालय नहीं था। स्थानीय प्रतिनिधियों और सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में एक भव्य एवं सुविधायुक्त महाविद्यालय स्थापित हुआ है। उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक बच्चों का दाखिला करवाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय की लगभग सभी मांगों को पूरा कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाविद्यालय में प्रवक्ता एवं सहायक प्रवक्ताओं के रिक्त पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने जूडो प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रबंधन को 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
31 टीमों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
राजकीय महाविद्यालय कोटी की प्राचार्य डॉ. दीपशिखा भारद्वाज ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के लिए अंतर महाविद्यालय जूडो प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे हैं। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 18 टीमें और महिला वर्ग की 13 टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, बीडीसी सदस्य हेमावती, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष कसुम्पटी अशोक ठाकुर, जूडो प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक डॉ. सतीश शर्मा, विश्वविद्यालय से आए तकनीकी विशेषज्ञ उत्तम डॉट, डीएस चंदेल, संजय कुमार, नवेश कुमार, पंकज शर्मा, वीरेंद्र धौल्टा, जूडो संघ के सचिव हरिंदर ठाकुर, ग्राम पंचायत कोटी की प्रधान प्रतिभा शर्मा, सतलाई के प्रधान जय सिंह, ब्रांडी-पदेची की प्रधान कांता ठाकुर, पूर्व प्रधान कोटी बलदेव पुरी, पूर्व प्रधान दिनेश झागटा तथा बीडीओ मशोबरा अंकित कोटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महाविद्यालयों से आए खिलाड़ी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ी जूडो की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।





