
20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | हिमाचल प्रदेश

दिल्ली में आयोजित 13वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट एवं ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। प्रतियोगिता के विभिन्न इवेंटों में प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम के फाइनल में पहुंचने से पदक जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
हिमाचल प्रदेश ड्रैगन बोट एवं ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार कसाना, राज्य महासचिव रितेश अहलूवालिया, राज्य उपाध्यक्ष रविंद्र वासुदेवा, एडवोकेट पाल वर्मा और टेक्निकल चेयरमैन रेलु राम ठाकुर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने गोविंद सागर वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में दस दिवसीय प्रशिक्षण लेने के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया है।
पुरुष और महिला टीमें विभिन्न स्पर्धाओं में शामिल
प्रतियोगिता में हिमाचल की पुरुष और महिला सीनियर टीमें 1000, 500 और 200 मीटर की स्पर्धाओं में हिस्सा ले रही हैं। वहीं, जूनियर लड़के और लड़कियों की टीमें 500 और 200 मीटर के इवेंटों में अपनी चुनौती पेश कर रही हैं।
एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं आईएएस अधिकारी राजीव कुमार और प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार कसाना ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
पदक विजेताओं का बिलासपुर में होगा स्वागत
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटने वाले खिलाड़ियों का बिलासपुर जिले में गोविंद सागर झील के समीप मंडी भराड़ी फोरलेन चौक पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
हिमाचल की टीम के फाइनल में पहुंचने के बाद अब सभी की निगाहें अंतिम मुकाबलों पर टिकी हैं। प्रदेश को खिलाड़ियों से पदक जीतने की उम्मीद है।





