
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सिरमौर

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धार टिक्करी के पांच विद्यार्थियों ने आईआईटीएम में सराहनीय प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की उपलब्धि पर श्रीमती मनोहर चेरिटेबल ट्रस्ट, गुड़गांव की ओर से उन्हें प्रमाण पत्र एवं छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
विद्यालय के विद्यार्थी विनय कुमार ने 50 प्लस लेवल पूरा कर प्रमाण पत्र के साथ 2,500 रुपये की छात्रवृत्ति हासिल की। वहीं आशिना ठाकुर, आरुषि ठाकुर, कार्तिक ठाकुर और सूरज पंवार ने कोडिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इन चारों विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ 2-2 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
प्रमाण पत्रों में विद्यार्थियों द्वारा हैंड्स-ऑन कोडिंग अभ्यास, विभिन्न प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने तथा प्रोग्रामिंग के क्षेत्र में निरंतर प्रगति और समर्पण का उल्लेख किया गया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रह्म दत्त शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. एस.के. गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी तकनीकी शिक्षा, कोडिंग और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक एच.एस. नेगी सहित समस्त स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





