
शिमला ग्रामीण में चार वर्षों में 600 करोड़ और प्रदेश में दोनों विभागों के माध्यम से 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए
26 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में खेल महाकुंभ 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में करीब 9,500 से 10,000 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। लगभग 20 दिनों तक चलने वाले खेल महाकुंभ का समापन 15 नवंबर को सुन्नी में होगा। इसमें युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को विभिन्न खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और रस्साकशी के साथ फैशन शो एवं मॉडलिंग जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं। पहली बार बॉक्सिंग को भी खेल महाकुंभ का हिस्सा बनाया गया है, जिसके शुरुआती मुकाबलों में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता पर जोर
विक्रमादित्य सिंह ने आयोजन समिति, रेफरी और अंपायरों को सभी मुकाबले निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य केवल जीत-हार नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जोड़ना और उन्हें समान अवसर प्रदान करना है। किसी भी प्रकार का पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेने की अपील की।
शिमला ग्रामीण में चार वर्षों में 600 करोड़ के विकास कार्य
मंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। वहीं, लोक निर्माण एवं शहरी विकास विभागों के माध्यम से प्रदेशभर में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण को विकास, सामाजिक उत्थान और बुनियादी सुविधाओं के मामले में प्रदेश का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका लक्ष्य है।
उन्होंने आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शिमला ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए। उन्होंने डॉ. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और राजा वीरभद्र सिंह की विकासवादी सोच से प्रेरणा लेकर क्षेत्र को आगे बढ़ाने की बात कही।
हिमाचल के हितों की मजबूती से करेंगे पैरवी
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुद्दों को राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष सकारात्मक एवं विनम्रता के साथ उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विनम्रता कमजोरी नहीं है और हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। विकास कार्यों में सहयोग करने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है, जबकि शिमला ग्रामीण के विकास को बाधित करने वाले प्रयासों का दृढ़ता से विरोध किया जाएगा।
महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मंत्री ने महिलाओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार करने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास भी जारी रहेंगे। बनूटी मैदान में पहले भी रोजगार शिविर आयोजित किए जा चुके हैं और युवाओं को सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जाएगा।
खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में मिलेंगे नकद पुरस्कार
खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। क्रिकेट में विजेता टीम को दो लाख रुपये, उपविजेता को एक लाख रुपये और मैन ऑफ द टूर्नामेंट को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
बैडमिंटन में विजेता को 15 हजार और उपविजेता को 7,500 रुपये मिलेंगे। वॉलीबॉल, पुरुष एवं महिला कबड्डी और रस्साकशी में विजेता टीम को 50 हजार तथा उपविजेता को 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10 हजार और द्वितीय पुरस्कार पांच हजार रुपये रखा गया है। फैशन शो एवं मॉडलिंग, म्यूजिकल चेयर और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोहन लाल और चरणजीत लाल, कैलाश फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन बृजलाल, चंद्रशेखर शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, इंद्रजीत सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी टूटू के अध्यक्ष देविंद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जीत सिंह ठाकुर, कौशल्या शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर, अनीता शर्मा, प्रभा वर्मा, विकास काल्टा, किरण शर्मा, पार्षद मोनिका भारद्वाज, प्रदीप वर्मा, दिलबर कुमारी, प्रेमलता, लालचंद ठाकुर, डॉ. मस्तराम, राजेश शर्मा और सरोज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।





