
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कुल्लू में नशामुक्त भारत अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने की। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सितंबर में होगा जिला स्तरीय मेगा इवेंट
बैठक में बताया गया कि नशामुक्त भारत अभियान की छठी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सितंबर 2026 के चौथे या पांचवें सप्ताह में जिला स्तर पर मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों के साथ सामुदायिक सहभागिता और जन-प्रतिज्ञा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में चलाया जाएगा विशेष अभियान
जिला में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए ब्लॉक स्तर पर ड्रग डिमांड रिडक्शन कमेटियों का गठन किया जा चुका है और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एडीएम ने अधिकारियों को नशे के प्रति अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष जागरूकता और रोकथाम गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे से प्रभावित लोगों को उपचार और परामर्श की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भुंतर स्थित एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी के माध्यम से सेवाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
पंचायत स्तर तक पहुंचे अभियान
सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान को केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नशे से प्रभावित समूहों और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत स्तर तक अभियान की पहुंच बढ़ाने, नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने और अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
IEC गतिविधियों और संचार माध्यमों पर जोर
एडीएम ने सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए शिक्षकों और रिसोर्स पर्सन के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने के साथ कम्युनिटी रेडियो और अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।
खेलकूद से योग तक हो चुकी हैं कई गतिविधियां
जिला कल्याण अधिकारी एवं सदस्य सचिव गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों और हितधारकों को अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की एक्शन टेकन रिपोर्ट, प्रतिभागियों का विवरण और जन-प्रतिज्ञा की तस्वीरें समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष से अब तक जिले में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और पंचायतों के सहयोग से खेलकूद प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, मैराथन, साइक्लोथॉन, वॉकथॉन और योग सहित अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





