
12 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नेरचौक

नेरचौक मेडिकल कॉलेज से हटाए गए 13 आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया की पहल पर आउटसोर्स कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बातचीत के बाद दोबारा नियुक्ति को लेकर सहमति बनी है। कर्मचारियों को सोमवार को ज्वाइनिंग मिलने की उम्मीद है, हालांकि इसके लिए निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
कंपनी संचालक ज्ञान चौहान ने कुछ शर्तों के साथ सभी 13 कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखने पर सहमति जताई है। संजीव गुलेरिया ने कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर कर्मचारियों की समस्याएं और मांगें सामने रखीं, जिसके बाद बहाली की दिशा में सकारात्मक पहल हुई।
दस्तावेज जमा करने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कंपनी संचालक ज्ञान चौहान के अनुसार, कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेज जमा करवाकर काम के लिए आवेदन करना होगा। कंपनी की निर्धारित प्रक्रिया और शर्तें पूरी होने के बाद ही ज्वाइनिंग की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में कर्मचारियों की वास्तविक बहाली औपचारिकताएं पूरी होने पर निर्भर करेगी।
कर्मचारियों ने जताया आभार
बहाली की पहल के लिए कर्मचारियों ने एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया का आभार जताया। दोबारा रोजगार मिलने की संभावना से कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिली है। अब सभी की नजरें ज्वाइनिंग प्रक्रिया पूरी होने पर टिकी हैं।





