नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मनाया गया एएमआर जागरूकता सप्ताह, विद्यार्थियों और स्वास्थ्य कर्मियों को किया जागरूक

नेरचौक। श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SLBSGMC&H), नेरचौक के माइक्रोबायोलॉजी विभाग और संक्रमण नियंत्रण समिति की ओर से 18 से 24 नवंबर 2026 तक रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) जागरूकता सप्ताह मनाया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ” रही।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस सप्ताहभर के अभियान के दौरान विभिन्न जागरूकता और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, नर्सिंग छात्राओं तथा अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मचारियों को एंटीबायोटिक दवाओं के उचित उपयोग और संक्रमण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत एमबीबीएस द्वितीय चरण के विद्यार्थियों, नर्सिंग छात्राओं और अस्पताल के कर्मचारियों के लिए हैंड हाइजीन, सही तरीके से हाथ धोने, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के महत्व पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

इसके अलावा एमबीबीएस और नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, स्लोगन और कविता लेखन प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। वहीं, एमडी माइक्रोबायोलॉजी और अन्य विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से वन हेल्थ की अवधारणा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इसमें मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य के आपसी संबंधों के साथ एएमआर की रोकथाम का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर माइक्रोबायोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आर. गुलेरिया और डॉ. लता चंदेल ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध को वैश्विक स्तर पर उभरती गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल मरीजों की बीमारी की अवधि बढ़ा सकता है। इससे उपचार अधिक जटिल होने के साथ-साथ सरकार और आम जनता पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।

सप्ताह के समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. आर. गुलेरिया, डॉ. लता चंदेल तथा माइक्रोबायोलॉजी विभाग के संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अभियान के माध्यम से चिकित्सा महाविद्यालय ने एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण नियंत्रण और मानव, पशु एवं पर्यावरण के साझा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

Share the news