बर्फबारी और शीतलहर से निपटने के लिए मंडी प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

खबर अभी अभी | मंडी, 28 नवंबर

मंडी जिला प्रशासन ने आगामी सर्दियों के मौसम में संभावित बर्फबारी, शीतलहर और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने जिला के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समय रहते आवश्यक प्रबंध पूरे करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि सर्दियों के दौरान जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और शीतलहर की संभावना रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, खाद्य सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात की सुचारू व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उनके संपर्क नंबर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके। मौसम विभाग के रेड और येलो अलर्ट की जानकारी डीडीएमए की औट, सुंदरनगर और मंडी स्थित स्क्रीन पर भी साझा करने को कहा, ताकि पर्यटकों और आम लोगों को समय पर आवश्यक जानकारी मिल सके।

84 उचित मूल्य की दुकानों में राशन का अग्रिम भंडारण

उपायुक्त ने बताया कि अधिक बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में 84 उचित मूल्य की दुकानों को चिन्हित कर पर्याप्त राशन का अग्रिम भंडारण किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इन क्षेत्रों में जीवन रक्षक दवाइयों और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बर्फबारी का अलर्ट जारी होने के दौरान संबंधित क्षेत्रों का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेगा।

सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस

लोक निर्माण विभाग को बर्फबारी से प्रभावित होने वाले संवेदनशील सड़क मार्गों और स्थानों को पहले से चिन्हित करने तथा वहां आवश्यक मशीनरी और संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण बंद होने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए।

इसके साथ ही बिजली और पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।

बेघर और जरूरतमंद लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता

उपायुक्त ने शीतलहर के दौरान संवेदनशील आबादी की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों, सड़कों के किनारे, बस अड्डों और बाजारों में रहने वाले घुमंतू एवं बेघर लोगों की पहचान और मैपिंग करने को कहा, ताकि उन्हें समय रहते राहत उपलब्ध करवाई जा सके।

उन्होंने जिला के सभी रैन बसेरों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश भी दिए।

पराशर, बरोट और शिकारी देवी जाने वाले पर्यटकों पर रहेगी नजर

उपायुक्त ने पुलिस, पर्यटन और वन विभाग को पराशर, बरोट, शिकारी देवी और कमरूनाग जैसे पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं ट्रैकरों की आवाजाही पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को ट्रैकिंग की अनुमति नहीं दी जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

आपदा की सूचना तुरंत इन नंबरों पर दें

उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में आपदा संबंधी सूचनाएं तत्काल जिला प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने को कहा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तुरंत जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र को सूचित करें।
जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र
01905-226201
अन्य संपर्क नंबर: 202, 203, 204
1077
टोल फ्री नंबर
आपदा प्रबंधन केंद्र 24 घंटे क्रियाशील रहता है।

बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने किया। बैठक में जिला के सभी उपमंडलाधिकारी (ना.) और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news