
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय पीएम श्री बाल मेला-2026 का शुभारंभ किया। 28 और 29 नवंबर को आयोजित हो रहे इस मेले का आयोजन विद्यालय की ओर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), शिमला के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के 337 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रधानाचार्य और डाइट प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि रोहित ठाकुर को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बाल मेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिलता है।
शिक्षा की गुणवत्ता में शिक्षकों का योगदान अहम
रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है। शिक्षक पूरे जुनून और लगन के साथ दिन-रात प्रदेश में शिक्षा की लौ जलाए हुए हैं। प्रदेश सरकार ने इसी दिशा में हजारों शिक्षकों के पद भरे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि आज प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य के रूप में पहचान रखता है। उन्होंने पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी कृष्णा का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह कृष्णा ने अपनी अनपढ़ मां को पढ़ाने का प्रयास किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में शिक्षा के विभिन्न मानकों पर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उद्देश्य आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है। भविष्य की पीढ़ी को बेहतर सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध करवाना जरूरी है। तभी देश का भविष्य उज्ज्वल बन सकेगा।
स्कूल की वेबसाइट का शुभारंभ, ‘सृजन दर्पण’ का विमोचन
शिक्षा मंत्री ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। वेबसाइट पर विद्यालय से जुड़ी सूचनाएं, मैगजीन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल की मासिक स्मारिका ‘सृजन दर्पण’ का विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू का प्रदेशभर में अहम स्थान है।
निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं। प्रारंभिक और उच्च शिक्षा निदेशालय को एकजुट कर स्कूल शिक्षा निदेशालय बनाया गया है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बाल मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक अभिरुचि तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करना है।
तीन वर्गों में हो रही हैं विभिन्न प्रतियोगिताएं
दो दिवसीय बाल मेले में विद्यार्थियों के लिए तीन वर्गों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
– प्राथमिक वर्ग (कक्षा पहली से पांचवीं): म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, प्रश्नोत्तरी, कहानी सुनाना, फैंसी ड्रेस, एकल नृत्य और लोक एवं भक्ति गीत प्रतियोगिताएं।
– मिडिल वर्ग (कक्षा छठी से आठवीं): भाषण, एकल गायन, देशभक्ति समूह गान, एकल नृत्य, शतरंज, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं।
– माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग (कक्षा नौवीं से बारहवीं): वाद-विवाद, एकल गायन, समूह नृत्य, नाटक और विज्ञान संबंधी गतिविधियां।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करने और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक आयोजनों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है।
99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल पूर्ण साक्षर राज्य
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS)-2024 में प्रदेश ने 21वें स्थान से सुधार करते हुए देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया है। वहीं, परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2024-25 में 659.2 अंक प्राप्त कर हिमाचल छठे स्थान पर पहुंचा है, जबकि पहले प्रदेश 13वें स्थान पर था।
उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 7,000 से अधिक सीधी नियुक्तियां की गई हैं और 7,600 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं। उच्च शिक्षा विभाग में 5,103 पद भरे गए हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 147 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है तथा 800 संस्थानों को उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के स्कूलों में 3,700 चौकीदारों के पद भरे जाएंगे।
रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार की ‘अपना विद्यालय’ योजना के तहत 6,390 से अधिक स्कूलों को अपनाया गया है। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए 8,400 से अधिक टैबलेट वितरित किए गए हैं। खेलों के क्षेत्र में भी प्रदेश के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 69वें एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली खेलों में 48 पदक हासिल किए हैं।
उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता, संस्थागत विकास, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्षद मोनिका भारद्वाज, पार्षद अनीता शर्मा, उप निदेशक उच्च स्कूल शिक्षा लेख राज भारद्वाज, उप निदेशक गुणवत्ता अनिल कुंद्रा, उप निदेशक प्रारंभिक स्कूल शिक्षा निशा भलूनी, प्रधानाचार्य डाइट शिमला वीरेंद्र चौहान, प्रधान एसएमसी अनुराधा शर्मा, स्थानीय स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. रश्मि राणा और राज्य समन्वयक बाल मेला सुनीता शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






