
17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

बागी और रत्नाड़ी पंचायतों में 193 सड़कें स्वीकृत, एक वर्ष में लंबित विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान बागी पंचायत में 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय का लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से क्षेत्र के पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और सरकार पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बागी और रत्नाड़ी पंचायतों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए 193 सड़कें स्वीकृत की गई हैं। बागवानी की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में बेहतर सड़कें किसानों और बागवानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में मदद करेंगी।
एक वर्ष में लंबित विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य
रोहित ठाकुर ने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की आधारशिला हैं। क्षेत्र में कई वर्षों से लंबित लगभग 30 भवनों के निर्माण कार्यों को पूरा करवाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने एक वर्ष के भीतर लंबित विकास कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दे रही है। शिक्षकों और गैर-शिक्षकों के रिक्त पद भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रदेश के 150 से अधिक विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप परिवर्तित किया गया है, जबकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने के लिए राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
जनसमस्याएं सुनीं
दौरे के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. मनु वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, बागी पंचायत प्रधान हरि प्रकाश शोकटा, रत्नाड़ी पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर, कोटखाई बीडीसी अध्यक्ष विद्या राजटा, उपाध्यक्ष सुनील राजटा, बीडीसी सदस्य शिशु पाल शर्मा, लायक राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





