बिलासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 787 ग्राम चरस बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार; 4 बीघा में भांग उखाड़ी

बिलासपुर,
28 अप्रैल — जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से कुल 787 ग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही भांग उखाड़ो अभियान के तहत 4 बीघा भूमि से भांग के पौधे नष्ट किए गए।

जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल की रात पुलिस थाना बरमाणा की टीम गश्त और नाकाबंदी पर थी। इस दौरान अल्ट्रा प्लांट गेट के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे दो युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 611 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान संजय (देहरादून, उत्तराखंड) और अजय कुमार (जिला सिरमौर) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

वहीं दूसरी ओर, पुलिस थाना कोट कहरला की टीम ने मझारी पुल के पास एक व्यक्ति को शक के आधार पर पकड़कर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 176 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान रवि कुमार निवासी पंजाब के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके अलावा 28 अप्रैल को पुलिस थाना झंडूता की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से “भांग उखाड़ो अभियान” चलाया। इस अभियान के तहत कोर्ट परिसर झंडूता के पास करीब 4 बीघा जमीन से उगी भांग की फसल को उखाड़कर नष्ट किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Share the news