भुंतर एयरपोर्ट पर एयर रेड स्ट्राइक मॉक ड्रिल, DDMA कुल्लू ने परखी आपदा प्रबंधन की तैयारियां

कुल्लू। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू की ओर से हवाई अड्डा भुंतर में एयर रेड स्ट्राइक को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा।

मॉक ड्रिल से पहले संबंधित क्षेत्रों के पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, नेहरू युवा केंद्र संगठन और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इससे पहले होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र शाढ़ाबाई में भी प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के संबंध में जानकारी दी गई।

अभ्यास के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसमें आपातकालीन सायरन बजने पर प्रतिक्रिया देने, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार, सीपीआर तथा राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। प्रतिभागियों को आपात स्थिति में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान आम नागरिकों को भी जागरूक किया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में उन्हें क्या करना चाहिए और किन गतिविधियों से बचना चाहिए। साथ ही सायरन के संकेतों, सीपीआर और विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई।

मॉक ड्रिल के समापन पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुल्लू की अध्यक्षता में डी-ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। इसमें अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और विभागों के बीच समन्वय से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित विभागों और स्वयंसेवकों को भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए बेहतर तैयारी और तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर, खंड विकास अधिकारी गौरव धीमान, तहसीलदार नितीश कुमार, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, आपदा मित्र, स्थानीय पंचायतों के प्रधान और पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

DDMA कुल्लू की इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के नुकसान को कम करना और विभिन्न विभागों एवं बचाव एजेंसियों की कार्यक्षमता तथा तैयारियों को बेहतर बनाना रहा।

Share the news