युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की पहल

18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | लाहौल-स्पीति

केलांग। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने और युवा-केंद्रित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष, केलांग में MY Bharat की द्वितीय तिमाही जिला सलाहकार समिति (DAC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की।

बैठक में जिले में युवाओं से संबंधित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। इस दौरान VBYLD क्विज में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और MY Bharat पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सरकारी योजनाओं, विभिन्न अवसरों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध करवाने पर जोर दिया गया।

बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पौधरोपण, रक्तदान शिविर और बुजुर्गों की सेवा सहित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। संबंधित विभागों और संस्थानों को इनमें युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा 20 सितंबर को एकलव्य आवासीय विद्यालय में ‘नशामुक्त युवा राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि युवा समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देकर सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की प्रभावी योजना बनाकर समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, परियोजना अधिकारी एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अश्वनी कुमार, जिला युवा अधिकारी ऋषभ, उपनिदेशक शिक्षा एवं एनएसएस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news