
20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

जिला कुल्लू के जिया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक कार ने साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद सड़क पर चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने कुल्लू अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पहले साइकिल सवार को मारी टक्कर, फिर ट्रक से भिड़ी कार
पुलिस के अनुसार, कार चालक अजय कुमार (27) अपने चार दोस्तों के साथ लाहौल-स्पीति से औट की ओर जा रहा था। जिया के पास कार ने साइकिल सवार सावणू राम (62), निवासी जिया, को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
हादसे में कार चालक अजय कुमार (27), हर्षित (24), अमन (24), श्रुति (24) और सचिन (22) घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत
हादसे में गंभीर रूप से घायल सावणू राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेगूबेहड़ ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें कुल्लू अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी कुल्लू अभिषेक ने बताया कि पुलिस थाना भुंतर में कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।





