
खबर अभी अभी | मोविसेरी (चच्योट), मंडी, 28 नवंबर

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोविसेरी में शनिवार को शैक्षणिक प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रख्यात शिक्षाविद्, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की पूर्व प्रो-वाइस चांसलर एवं कार्यवाहक कुलपति डॉ. अनुपमा सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान, कला और विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर आधारित मॉडल, नवाचार और रचनात्मक परियोजनाएं प्रदर्शित कीं। डॉ. अनुपमा सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की।
राष्ट्र के सपनों से जोड़ें अपने सपने
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि विकसित भारत @2047 का सपना केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक बच्चे, युवा और नागरिक का साझा सपना एवं संकल्प होना चाहिए। इस लक्ष्य को साकार करने की जिम्मेदारी आने वाली पीढ़ी के कंधों पर भी है। प्रत्येक बच्चा अपने सपनों, मेहनत, नवाचार और दृढ़ संकल्प के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सफलता और करियर के लक्ष्यों के साथ-साथ राष्ट्र सेवा का उद्देश्य भी अपने जीवन में शामिल करना चाहिए। अपने गांव, क्षेत्र, प्रदेश और देश के विकास में योगदान देने की भावना ही सच्ची नागरिकता का परिचायक है। जब प्रत्येक बच्चा अपने सपनों को राष्ट्र के सपनों से जोड़ेगा, तभी विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।
डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल सपने देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन और समर्पण भी जरूरी है।
हिमाचली संस्कृति की झलक ने मोहा मन
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हिमाचली लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
डॉ. अनुपमा सिंह ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य मेहर चंद, समस्त शिक्षक वर्ग और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानाचार्य के कुशल नेतृत्व, बेहतर समन्वय और समर्पित प्रयासों की सराहना की, जिनके मार्गदर्शन में शैक्षणिक प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।





