
शिमला | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को शिमला के पुराने बस अड्डे से 18 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न रूटों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को एचआरटीसी के नए बेड़े में शामिल 30 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। इनमें से 18 बसों को आज विभिन्न रूटों पर शुरू किया गया, जबकि शेष 12 बसों को जल्द ही सुन्नी से अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण के कई क्षेत्र शिमला शहर से जुड़े हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग सरकारी नौकरी के साथ-साथ खेती और बागवानी से जुड़े हैं और उन्हें रोजाना शहर तक आना-जाना पड़ता है। बसों की कमी को देखते हुए अतिरिक्त रूट शुरू करने को लेकर परिवहन विभाग से चर्चा की गई है।
एक चार्ज में 150 किलोमीटर तक चलेंगी बसें
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की हैं। शिमला ग्रामीण को इनमें से 30 बसें मिली हैं।
उन्होंने कहा कि एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद ये बसें करीब 150 किलोमीटर तक चल सकती हैं। इसी वजह से इन्हें मुख्य रूप से छोटे और उपयुक्त रूटों पर संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिमला के आसपास के क्षेत्रों में विशेषकर बुजुर्गों की छोटी बसों और टैक्सी सुविधा की मांग को देखते हुए अतिरिक्त टैक्सियां लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके साथ निजी बसों को भी आवश्यक रूट उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जाएगा।
शिमला ग्रामीण में 650 करोड़ रुपये के विकास कार्य
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में करीब 650 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ परियोजनाओं पर काम जारी है।
बरसात के दौरान सड़कों को यातायात के लिए बहाल रखने को लेकर उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की मशीनरी लगातार काम कर रही है। जरूरत के अनुसार निजी मशीनरी भी किराये पर ली गई है और इसकी रोजाना निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि तारकोल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कुछ सड़कों की मेटलिंग और टारिंग का काम प्रभावित हुआ है। मानसून समाप्त होने के बाद विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों की मेटलिंग और टारिंग का काम तेज किया जाएगा।
केंद्र से सड़क परियोजनाओं के लिए 240 करोड़ रुपये स्वीकृत
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई बैठक के बाद प्रदेश की दो सड़क परियोजनाओं के लिए करीब 240 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
उन्होंने बताया कि छैला-यशवंत नगर-नेरीपुल सड़क के उन्नयन के लिए 203 करोड़ रुपये और रामपुर की टिक्कर-खमाड़ी सड़क के शेष हिस्से के उन्नयन के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं पर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इन रूटों पर चलेगी नई इलेक्ट्रिक बस सेवा
आज शुरू की गई बस सेवाओं में शिमला से धामी वाया गवाही-कोहबाग, बरेठी, खटनोल, खटनोल वाया सुन्नी, चेवग, हरिदेवी-सेरी, धरोगड़ा, चनावग वाया पनोह, गवाही, डुमेहर, जलोग, पनेहडा, चेबड़ी, अणु, नलावन और मलावन सहित विभिन्न रूट शामिल हैं।
बस सेवाओं का संचालन अलग-अलग समय पर किया जाएगा, जिससे शिमला ग्रामीण के लोगों को शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर एवं अनीता शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष टूटू जीत सिंह, पीसीसी महासचिव चंद्रशेखर शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष टूटू देवेंद्र ठाकुर, बसंतपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित प्रशासन और एचआरटीसी के अधिकारी मौजूद रहे।





