
नाहन | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और सरकारी संस्थानों को बंद किए जाने को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। नाहन में भाजपा विधानसभा क्षेत्र की बैठक के दौरान इन मुद्दों पर चर्चा के बाद एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसे जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल, हिमाचल प्रदेश को भेजा गया।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि नाहन में 500 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल का निर्माण केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए 260 करोड़ रुपये के बावजूद आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण समय पर पूरा होता तो क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही होतीं।
पुराने अस्पताल में सुविधाओं पर सवाल
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान में अस्पताल पुराने भवन में संचालित हो रहा है और यहां मरीजों को सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई बार एक बेड पर तीन मरीजों तक के उपचार की स्थिति सामने आती है।
उन्होंने प्रस्तावित नए अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी सुविधा, बच्चों की नर्सरी, कैंसर अस्पताल, माता-शिशु अस्पताल, एमआरआई, कैंटीन और सात मंजिला पार्किंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित होने की बात कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्तमान अस्पताल में चार में से दो ऑपरेशन थिएटर बंद हैं। उन्होंने सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और अन्य जांच सुविधाओं के प्रभावित होने का भी आरोप लगाया।
नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी उठाया मुद्दा
डॉ. बिंदल ने कहा कि करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी प्रस्तावित था। उनके अनुसार अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के निर्माण से सिरमौर में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता था।
उन्होंने कहा कि 500 बेड का अस्पताल पूरी क्षमता से शुरू होने पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों की तैनाती और प्रतिदिन हजारों मरीजों के उपचार की क्षमता विकसित हो सकती थी।
13 स्कूल समेत कई संस्थान बंद करने का आरोप
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में 13 स्कूल, 5 पटवार सर्कल, 4 स्वास्थ्य संस्थान, 5 पशु चिकित्सा संस्थान और एक उप-तहसील बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए दूर जाना पड़ रहा है।
उन्होंने हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के स्थानांतरण और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में पर्याप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
सड़कों की बदहाली पर भी सरकार को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है।
उन्होंने सरकार से सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं को बहाल करने और बंद किए गए सरकारी संस्थानों को दोबारा खोलने की मांग की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा नाहन की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी। उन्होंने 500 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण तत्काल शुरू करने और क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार तथा बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग दोहराई।
बैठक में पारित प्रस्ताव के माध्यम से राज्यपाल से भी इन जनहित के मुद्दों का संज्ञान लेने का आग्रह किया गया है।





