
20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के दौरान करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। मंगलवार को सुन्नी में दशहरा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री ने 90 लाख रुपये की लागत से बने नगर पंचायत भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने नगर पंचायत सुन्नी को 10 लाख और मेला समिति को 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
25 करोड़ की पेयजल योजना से मिलेगी राहत
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि सुन्नी शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 25 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर क्रियान्वित की गई है। इसे जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा। उनके अनुसार, इससे अगले 25 से 30 वर्षों तक शहर की पेयजल जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।
400 करोड़ के सड़क कार्य प्रगति पर
मंत्री ने कहा कि शिमला ग्रामीण में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क निर्माण और सुधार कार्य चल रहे हैं। सुन्नी-खैरा सड़क पर 18 से 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, सुन्नी से नूरी तक सड़क को इंटरमीडिएट लेन बनाने के लिए विश्व बैंक की सहायता से करीब 650 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है।
उन्होंने सुन्नी-लूहरी-सलापड़ सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करवाने के लिए केंद्र सरकार से बातचीत जारी होने की बात कही। रामपुर क्षेत्र में सड़क धंसने की समस्या के समाधान के लिए केंद्र से 127 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की जानकारी भी दी।
सुन्नी बस स्टैंड बनेगा सब-डिपो
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी बस स्टैंड को अपग्रेड कर एचआरटीसी सब-डिपो बनाया जाएगा। इसका शुभारंभ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। यहां मुद्रिका बस सेवा शुरू करने की भी योजना है। उन्होंने बताया कि शिमला ग्रामीण के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं और इनके संचालन को सुन्नी बस डिपो से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पीएमजीएसवाई के तहत नई सड़कों की उम्मीद
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल को पहले करीब 4,500 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। योजना के चौथे चरण के दूसरे फेज में लगभग 1,600 किलोमीटर सड़कों के निर्माण के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये की नई स्वीकृति मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर नगर पंचायत सुन्नी की अध्यक्ष सत्या वर्मा ने मंत्री को चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री ने आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में अपनी चिकित्सकीय जांच भी करवाई। कार्यक्रम में एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा सहित विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य मौजूद रहे।





