श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | नाहन

नाहन। श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेले के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर एवं श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने की। बैठक में विधायक नाहन अजय सोलंकी भी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने बताया कि श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला 11 अक्तूबर से 26 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले के सुचारू संचालन के लिए एसडीएम नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन को मेला अधिकारी तथा एएसपी नाहन को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित कर राजस्व अधिकारियों को अस्थायी तौर पर मेला ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर

बैठक में मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को पर्याप्त संख्या में खाद्य निरीक्षक तैनात करने तथा मेला क्षेत्र में खान-पान सामग्री के स्टॉलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। फल विक्रेताओं, दुग्ध विक्रेताओं, मिठाइयों और प्रसाद की गुणवत्ता की भी निरंतर जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं

स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में आवश्यक स्टाफ के साथ एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले के दौरान आपातकालीन दवाइयों सहित दो प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए जाएंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को त्रिलोकपुर स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

सफाई, सुरक्षा और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल आपूर्ति, वाहन पार्किंग, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। भंडारा व्यवस्था तथा मेले के दौरान किराए में संभावित वृद्धि से संबंधित मामलों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान केवल चयनित भंडारा स्थलों पर ही भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि अश्विन नवरात्रि मेला श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को मेले से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक का संचालन तहसीलदार नाहन एवं माता बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर के मंदिर अधिकारी उपेंद्र चौहान ने किया। उन्होंने बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं से संबंधित विषयों को क्रमवार प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर राजीव सांख्यान, खंड विकास अधिकारी नाहन राहुल धीमान, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जसप्रीत कौर सहित मंदिर न्यास के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, सिरमौर स्थित नाहन

Share the news