सरकारी स्कूलों को नंबर वन बनाने का लक्ष्य, शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव कर रही सुक्खू सरकार : डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

खबर अभी अभी | हमीरपुर, 28 नवंबर

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मटानी में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर क्षेत्रवासियों और स्कूल प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानाचार्या नीशा तोमर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, जबकि अध्यापकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में एक होनहार छात्रा ने नशे के खिलाफ स्वरचित कविता प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।

शिक्षा के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजन विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ-साथ उनके चरित्र निर्माण और भविष्य को सही दिशा देने का काम करते हैं। ऐसे में गुरुजनों का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।

सरकारी स्कूलों में किए जा रहे बड़े बदलाव

डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश के सरकारी शिक्षण संस्थानों को नंबर वन बनाना है। सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा शुरू करना और उन्हें सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में निजी शिक्षण संस्थानों के समान सुविधाएं उपलब्ध करवाने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पिछले एक-दो महीनों में सीबीएसई विद्यालयों के लिए लगभग 1,200 शिक्षकों की भर्ती की गई है, जबकि आगामी कुछ महीनों में पांच हजार और शिक्षकों की भर्ती की जा रही है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस अभियान में सहयोग देने की अपील की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।

स्कूल को 11 हजार रुपये और अन्य सुविधाएं देने की घोषणा

विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी निजी निधि से विद्यालय को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही स्कूल परिसर के लिए दो सोलर लाइटें और दो बेंच उपलब्ध करवाने का भी ऐलान किया।

समारोह में किशोरी लाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गिरधारी लाल वर्मा, विजय ठाकुर, भागदीन, सेवानिवृत्त उपनिदेशक डॉ. पी.सी. पाठक, रेनू कौशल, गिरधारी लाल शर्मा, सुनील वैद्य, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Share the news