
24 सितंबर | खबर अभी अभी | सराहां

राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के उभरते कलाकार कुमार साहिल, हनी नेगी और भारती शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। तीनों कलाकारों ने एक के बाद एक लोकप्रिय और पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए, जिस पर खचाखच भरे पंडाल में दर्शकों ने जमकर नृत्य किया और तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने किया। उन्होंने प्रदेशवासियों और मेले में पहुंचे लोगों को वामन द्वादशी मेले की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद स्टार नाइट का सिलसिला शुरू हुआ। इससे पहले प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कुमार साहिल ने जैसे ही मंच संभाला, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने ‘जानिया सानिया’, ‘कच्चे धागे सच्चे प्यार के तोड़ना’, ‘कजरा मोहब्बत वाला’, ‘तोड़ें नाल इश्क मीठा होय होय’ और ‘चना मेरेया’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक नाचते रहे।
इसके बाद पहाड़ी कलाकार हनी नेगी ने मंच संभाला और अपने गीतों से माहौल को और रंगीन बना दिया। उन्होंने ‘हो लाज मेरी पत राखियों भला झूले लालण’, ‘तुम्हें दिल लगी भूल जाने पड़ेगी’ और ‘मुस्कुराने की वजह तुम हो’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए। दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया और गीतों का आनंद लिया।
वहीं, उभरती कलाकार भारती शर्मा ने भी एक के बाद एक नाटियों और पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘गाड़ी शिमला स्टेशन से आई ड्राइवर’, ‘मत छेड़ सांवरिया पाप लागे’ और ‘सुन बे पड़ोसिया तांखे मेरा पाप लगना’ सहित कई पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों पर भी पंडाल में मौजूद लोगों ने जमकर नृत्य किया।
पहली सांस्कृतिक संध्या में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, सीताराम शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





