
24 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान ढालपुर मैदान में भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर में शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने बिजली महादेव के अस्थायी शिविर में भी पूजा-अर्चना की।
इस दौरान सांसद ने देवभूमि कुल्लू की समृद्ध धार्मिक परंपराओं, विशिष्ट देव संस्कृति और सदियों पुरानी लोक आस्थाओं के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की महत्ता को करीब से अनुभव किया।
अनुराग शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में विशेष स्थान रखता है। यह उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता, पारंपरिक मान्यताओं और जनआस्था का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों देवी-देवता अपने देवलुओं, कारदारों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ ढालपुर पहुंचते हैं। भगवान रघुनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा और देवी-देवताओं का सामूहिक समागम इस उत्सव की प्रमुख विशेषता है।
सांसद ने कहा कि कुल्लू दशहरा धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह आयोजन देवभूमि कुल्लू की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करता है।





