सुंदरनगर आईटीआई में प्रशिक्षुता मेले का आयोजन, 10 युवाओं का चयन

12 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सुंदरनगर

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (निशक्त व्यक्तियों), सुंदरनगर में सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (PM-NAPS) के तहत प्रशिक्षुता मेले का आयोजन किया गया। मेले में 70 से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से साक्षात्कार और मूल्यांकन के बाद 10 युवाओं का प्रशिक्षुता पदों के लिए चयन किया गया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी की उपमहाप्रबंधक अंजुला अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि पूरन चंद भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मेले में 11 प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों सहित स्थानीय उद्योगों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का मूल्यांकन किया।

अंजुला अग्रवाल ने युवाओं को तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान की ओर से प्रशिक्षुता और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की।

संस्थान के प्रधानाचार्य इंजी. विजय कुमार चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और उनके कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षुता से युवाओं को व्यावहारिक अनुभव मिलता है, जो बेहतर करियर बनाने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी युवाओं के लिए कौशल विकास, प्रशिक्षुता और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रखेगा।

औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों में भागीदारी का आश्वासन दिया।

Share the news