
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सैंज, कुल्लू

सैंज। सैंज के नालागढ़ में महिला कांग्रेस ने स्थापना दिवस के अवसर पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए संगठन की मजबूती और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव पिंगला भंडारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। नालागढ़ पहुंचने पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
गांव-गांव तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
अपने संबोधन में पिंगला भंडारी ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर खुलकर आगे आने तथा महिला कांग्रेस को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
पिंगला भंडारी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है और वह इस दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को बराबरी का अधिकार और आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि एक समय महिलाएं चारदीवारी तक सीमित थीं, लेकिन आज वे राजनीति, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।
पंचायती राज में आरक्षण को बताया अहम कदम
पिंगला भंडारी ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आरक्षण के चलते हजारों महिलाएं राजनीतिक नेतृत्व के रूप में सामने आई हैं और विभिन्न स्तरों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की बागडोर एक महिला के हाथों में सौंपकर महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को दुनिया के सामने साबित किया।
उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और महिलाओं की आवाज को हर मंच पर बुलंद करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
सुशांत शर्मा, कुल्लू





