स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और GeM-CPP पोर्टल पर उद्यमियों को दी जानकारी

15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से रैंप कार्यक्रम के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से शमशी औद्योगिक क्षेत्र में “स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग एवं GeM व CPP पोर्टल” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में करीब 45 उद्यमियों ने भाग लिया।

आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर

कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र से अनुज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने उद्यमियों से कार्यशाला का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाकर उद्यमी अपने व्यवसाय को अधिक सक्षम और प्रतिस्पर्धी बना सकते हैं।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में संजीव शर्मा ने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उद्योग 4.0, ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), डेटा आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और लागत अनुकूलन जैसे विषयों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

GeM और CPP पोर्टल की दी जानकारी

दूसरे सत्र में ईशांत डोगरा ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) और CPP पोर्टल के संबंध में उद्यमियों को जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण, ऑनबोर्डिंग, बोली प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, एमएसएमई के लिए उपलब्ध प्रावधानों और सरकारी खरीद प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी साझा की।

तकनीकी सहायता भी उपलब्ध करवाई

कार्यशाला के दौरान रैंप टीम की ओर से उद्यमियों को आवश्यक तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य एमएसएमई को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल सरकारी खरीद प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनकी कार्यक्षमता, प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार पहुंच को बढ़ावा देना रहा।

Share the news