हिमाचल : देर रात आए तूफान ने हिमाचल में मचाई तबाही, कई जिलों में भारी नुकसान

हिमाचल प्रदेश में देर रात आए तेज तूफान और भारी बारिश ने प्रदेशभर में भारी तबाही मचा दी। मंडी, कुल्लू, चंबा सहित कई जिलों में तेज आंधी और खराब मौसम के चलते घरों, गौशालाओं और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर घरों की छतें उड़ गईं, जबकि पेड़ उखड़कर सड़कों और बिजली लाइनों पर गिर पड़े, जिससे कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई।

तूफान का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के तलाडी, बेदार और पेच्छा गांवों में कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं मंडी जिला के सराज क्षेत्र के जड़ोल में तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। स्थानीय लोगों ने रात डर और दहशत के बीच गुजारी।

बागवानों को भी इस तूफान से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई क्षेत्रों में सेब के पेड़ टूट गए हैं, जिससे आगामी सीजन को लेकर बागवान चिंतित नजर आ रहे हैं। इसके अलावा कुछ स्कूल भवनों और अन्य निर्माणों को भी क्षति पहुंचने की सूचना है।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share the news