हिमाचल में अब सप्ताह के सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिए निर्देश 15 माह में 1,100 से अधिक सफल रोबोटिक सर्जरी, चार मेडिकल कॉलेजों में एम्स दिल्ली से कम दरों पर उपलब्ध है आधुनिक सुविधा

खबर अभी अभी | शिमला

हिमाचल प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा सप्ताह के सातों दिन संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह निर्देश रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मात्र 15 महीनों के भीतर 1,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी करना उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने बताया कि रोबोटिक तकनीक की मदद से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सकों ने आधुनिक तकनीक को तेजी से अपनाकर बेहतर परिणाम दिए हैं। मुख्यमंत्री ने युवा चिकित्सकों को भी रोबोटिक सर्जरी में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

चार मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध है रोबोटिक सर्जरी की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चार चिकित्सा संस्थानों में यह अत्याधुनिक सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इनमें शामिल हैं:
– अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी, चमियाणा
– डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा
– श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक
– इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला
उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी से मरीजों के अस्पताल में रहने की अवधि पारंपरिक ओपन सर्जरी की तुलना में 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो रही है। इस तकनीक में चीरा छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है। इससे मरीजों को तेजी से स्वस्थ होने में मदद मिलती है।

अब इलाज के लिए प्रदेश से बाहर जाने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिलने से हिमाचल के मरीजों को उन्नत सर्जिकल उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार इस सुविधा का विस्तार अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को घर के नजदीक आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को रोबोटिक सर्जरी के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षित टीम में नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी मांगी।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डी.के. वर्मा, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार और निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. गोपाल बेरी उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Share the news