
हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए कुल 29,542.153 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान अवैध शराब से जुड़े 546 मामले दर्ज किए गए, जबकि 13,797.550 लीटर लाहन बरामद कर नष्ट की गई।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी कर रही हैं।
सोलन में सबसे अधिक अवैध शराब बरामद
प्रवक्ता के अनुसार, विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान सोलन में 7,504.074 बल्क लीटर, कुल्लू में 6,773.890 बल्क लीटर, बिलासपुर में 3,179.240 बल्क लीटर और मंडी में 1,823.600 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
अक्तूबर में भी अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई
प्रवक्ता ने बताया कि अक्तूबर माह में दक्षिण क्षेत्र शिमला में 2,775.922 बल्क लीटर अवैध शराब और 2,950 लीटर लाहन बरामद की गई। मध्य क्षेत्र मंडी में 1,167.750 बल्क लीटर अवैध शराब पकड़ी गई, जबकि उत्तरी क्षेत्र पालमपुर में 635 बल्क लीटर शराब और 640 लीटर लाहन बरामद की गई।
अवैध कारोबार करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
विभागीय प्रवक्ता ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अवैध शराब की सूचना देने के लिए संपर्क नंबर
विभागीय कंट्रोल रूम
दूरभाष
0177-2620426
व्हाट्सऐप नंबर
– 94183-31426
ईमेल: controlroom@gmail.com
जोनल कार्यालय
– दक्षिण क्षेत्र, शिमला: 0177-2620426
– उत्तरी क्षेत्र, पालमपुर: 01894-230186
– मध्य क्षेत्र, मंडी: 01905-223499
विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।






