हिमाचल में नशा तस्करों पर सरकार का बड़ा प्रहार, 4 साल में 7,950 मामले दर्ज, 92 करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से चिट्टे सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों का समूल नाश करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। नशे के खिलाफ इस लड़ाई को केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रखकर व्यापक जन-आंदोलन बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी संबंधित विभागों और केंद्रीय एजेंसियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ नशे के विरुद्ध अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉकाथॉन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विद्यार्थी, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल और आम नागरिक भाग ले रहे हैं।

चार वर्षों में 7,950 एनडीपीएस मामले, 12,302 गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 7,950 मामले दर्ज किए गए और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टे सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें से 159 को वर्ष 2026 में निरुद्ध किया गया। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के तस्करों तक सीमित न रहे, बल्कि मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, आपूर्ति नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अंतरराज्यीय संबंधों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

92 करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। पहली बार प्रदेश में नशे से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है।

इसके अतिरिक्त एनडीपीएस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण से संबंधित 86 संपत्तियों की पहचान की गई है। इनमें से 22 के विरुद्ध ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है।

उपचार और पुनर्वास पर भी सरकार का ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर स्थित नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस के संचालन एवं प्रबंधन के लिए सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार, आउट-पेशेंट उपचार व्यवस्था का मानकीकरण और सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

246 पंचायतें विशेष निगरानी में

प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्तियों और तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। अब तक लगभग 12,000 व्यक्तियों की पहचान की जा चुकी है, ताकि जरूरतमंदों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ा जा सके तथा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

नशे में संलिप्त 168 सरकारी कर्मचारियों पर मामले दर्ज

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि अन्य के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई जारी है।

9,677 शैक्षणिक संस्थान घोषित हुए तंबाकू मुक्त

शैक्षणिक संस्थानों में एंटी-ड्रग क्लब, प्रहरी क्लब और साथी-शिक्षा कार्यक्रमों को मजबूत किया जा रहा है। जून से अगस्त 2026 के दौरान पुलिस अधिकारियों ने 158 स्कूलों को गोद लिया और 332 शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं।

प्रदेश के लगभग 9,677 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है।

जल्द शुरू होगा विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट

नशा तस्करी से जुड़ी सूचनाएं साझा करने के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए तस्करी से संबंधित जानकारी दे सकेंगे। साथ ही नशे से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिजनों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से एंटी-चिट्टा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह या अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share the news