कुल्लू में 15 अगस्त को मनाया जाएगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह

कुल्लू | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 15 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। उद्योग, संसदीय मामले, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वह राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद भव्य परेड की सलामी लेंगे और जिलावासियों को संबोधित करेंगे।

कार्यवाहक उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला प्रशासन ने समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा रोवर्स एंड रेंजर्स की टुकड़ियां मार्चपास्ट में भाग लेंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

समारोह के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

बारिश को देखते हुए विशेष इंतजाम

कार्यवाहक उपायुक्त ने बताया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्य मंच के साथ आम दर्शकों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन समेत अन्य सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संस्थाओं और समस्त कुल्लूवासियों से 15 अगस्त को ढालपुर मैदान में आयोजित समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाने की अपील की।

Share the news