धर्मपुर से शिमला के लिए सुबह-शाम चलेगी ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत

5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन: यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग ने धर्मपुर से शिमला के बीच ट्रेन सेवा शुरू की है। रेलवे की ओर से सुबह और शाम धर्मपुर से शिमला तथा शिमला से धर्मपुर के लिए ट्रेन चलाई जा रही है। इसके अलावा यात्रियों को सड़क मार्ग से धर्मपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने के लिए रेलवे विभाग ने दो बसों की व्यवस्था भी की है।

गौरतलब है कि बीते दिनों गुम्मन और टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच एक पुलिया भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ में बह गई थी। तेज बहाव के कारण रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाली मिट्टी और नींव भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया था। इसके चलते कालका-शिमला रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई थीं और कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था।

ट्रैक बहाली का काम जारी

रेलवे विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रैक की बहाली का काम लगातार जारी है। इसी बीच यात्रियों को राहत देने के लिए धर्मपुर से शिमला के बीच ट्रेन सेवा शुरू की गई है। साथ ही धर्मपुर तक यात्रियों की आवाजाही के लिए दो बसें भी लगाई गई हैं।

पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है कालका-शिमला रेल मार्ग

कालका-शिमला रेल मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक सफर करते हैं। खासकर सप्ताहांत पर बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला और आसपास के क्षेत्रों की हसीन वादियों का दीदार करने के लिए रेल मार्ग का रुख करते हैं।

रेल यात्रा के दौरान पर्यटक पहाड़ी क्षेत्र के मनमोहक दृश्यों का आनंद लेते हैं। रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के रुकने के दौरान पर्यटक परिवार के साथ सेल्फी लेते और आसपास के खूबसूरत नजारों को कैमरे में कैद करते नजर आते हैं।

ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों और पर्यटकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि रेलवे ट्रैक की पूरी बहाली का काम भी जारी है।

Share the news