
7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

अपूर्व देवगन बोले—नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं, पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी; 8 महीने में NDPS के 230 मामले दर्ज, 368 आरोपी गिरफ्तार
मंडी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सोमवार को पुलिस लाइन मंडी स्थित कामाक्षा हॉल में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र (एनकॉर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की। इस दौरान जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई, NDPS अधिनियम के तहत दर्ज मामलों, वित्तीय जांच, अवैध भांग-अफीम की खेती की रोकथाम और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई।
नशे के खिलाफ लड़ाई को बनाएं जन आंदोलन
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देना होगा।
उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए मंडी पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और यह अभियान पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।
स्कूलों में बढ़ेगी एंटी चिट्टा जागरूकता
उपायुक्त ने सभी विभागों को ‘अपना विद्यालय’ योजना के तहत गोद लिए गए स्कूलों में नियमित रूप से विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। शिक्षा विभाग को प्रत्येक माह स्कूलों में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता गतिविधियों की रिपोर्ट एनकॉर्ड बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा स्कूलों में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के दौरान एंटी चिट्टा की शपथ दिलाने और एक वक्ता के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता व्याख्यान करवाने के भी निर्देश दिए।
आठ महीने में NDPS के 230 मामले, 368 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बैठक में बताया कि 1 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक मंडी जिले में NDPS अधिनियम के तहत 230 मामले दर्ज किए गए और 368 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 349 पुरुष और 19 महिलाएं शामिल हैं।
दर्ज मामलों में 80 हेरोइन/चिट्टा, 119 चरस, 10 प्रतिबंधित MDMA/कंजम्पशन एवं अन्य NDPS मामलों तथा 15 अवैध अफीम और भांग की खेती से संबंधित मामले शामिल हैं।
जुलाई और अगस्त 2026 में NDPS अधिनियम के तहत क्रमशः 30 और 23 मामले दर्ज किए गए। जुलाई में 197.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई, जबकि अगस्त में 57.05 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 4.626 किलोग्राम चरस और 60.728 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया।
5 लाख से अधिक भांग के पौधे नष्ट
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अवैध रूप से की गई भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5,11,160 पौधे नष्ट किए गए हैं।
उपायुक्त ने जिले की 24 अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों में नशा निवारण समितियों की गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, नगर निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ड्रग्स फ्री हिमाचल ऐप का अधिक से अधिक प्रचार करने और लोगों को इसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने को भी कहा।
नशे से जुड़ी जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील
उपायुक्त ने आम नागरिकों से नशे के सेवन, तस्करी अथवा नशे से संबंधित गतिविधियों वाले हॉटस्पॉट की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना ई-मेल dcmandi33@gmail.com अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9317221001 पर साझा की जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई।
भांग और अफीम की अवैध खेती पर कड़ी कार्रवाई
बैठक में ‘भांग उखाड़ो अभियान’ की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अवैध भांग और अफीम की खेती की समयबद्ध पहचान कर उसे नष्ट करने तथा संबंधित मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी अपने क्षेत्रों में अवैध खेती और नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
नशा तस्करों की संपत्ति पर भी कार्रवाई
एनकॉर्ड बैठक में नशा तस्करी से जुड़े मामलों में वित्तीय जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में 55 वित्तीय जांच मामले लंबित हैं।
वहीं, वर्ष 2025 से 31 अगस्त 2026 तक आरोपियों की संपत्ति कुर्क किए जाने के छह मामलों में कुल 61,30,757 रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। इसके अलावा 60 लाख रुपये से अधिक की एक संपत्ति की कुर्की का मामला लंबित बताया गया।
15 सितंबर से ITBP के सहयोग से चलेगा अभियान
बैठक में 15 सितंबर से ITBP बल के सहयोग से प्रस्तावित भांग उन्मूलन अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम मंडी के आयुक्त डॉ. मदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





