पैरोल पर फरार दोषी बंदी गिरफ्तार, उद्घोषित अपराधी सेल कुल्लू की टीम ने दबोचा

7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

NDPS एक्ट के मामले में 10 साल की सजा काट रहा था बंदी, पैरोल खत्म होने के बाद जेल नहीं लौटा; तीन साल से अधिक समय बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

कुल्लू। जिला पुलिस कुल्लू के उद्घोषित अपराधी सेल की टीम ने पैरोल पर फरार चल रहे एक दोषी बंदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी परस राम (49) निवासी गांव बयानी, डाकघर पनारसा, तहसील औट, जिला मंडी को 6 सितंबर 2026 को होमगार्ड कार्यालय हुरला, जिला कुल्लू के समीप से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार परस राम FIR No. 132/2015, एनडीपीएस एक्ट, थाना औट, जिला मंडी के मामले में दोषसिद्ध है। माननीय न्यायालय ने उसे 10 वर्ष के कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।

पैरोल खत्म होने के बाद नहीं लौटा जेल

पुलिस के मुताबिक आरोपी को 31 मई 2023 से 27 जून 2023 तक पैरोल प्रदान की गई थी। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसे निर्धारित समय पर संबंधित जेल में वापस दाखिल होना था, लेकिन वह जेल नहीं लौटा।

इसके बाद मॉडल सेंट्रल जेल नाहन द्वारा 28 जून 2023 को उसे पैरोल पर फरार बंदी घोषित किया गया था।

लगातार प्रयासों के बाद लोकेशन ट्रेस

उद्घोषित अपराधी सेल, कुल्लू की टीम आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस टीम द्वारा किए गए सत्यापन और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हुरला के समीप से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना औट, जिला मंडी के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Share the news