
7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | पंडोह, मंडी

14 सितंबर तक चलेगा मेला, महिला मंडलों की प्रतियोगिताओं से लेकर कबड्डी, वॉलीबॉल और कुश्ती तक होंगे आयोजन; दो रात सजेगी स्टार नाइट
पंडोह। माता त्रिपुरीपुड़ी भैरव का सात दिवसीय मेला इस वर्ष 7 से 14 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि इस बार मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को माता के दर्शन नहीं हो पाएंगे। इसके बावजूद मेले को लेकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
माता के गुर नगेंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार मेले के दौरान माता के दर्शन नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि ऋषि पंचमी 15 सितंबर को है और इसी को ध्यान में रखते हुए मेले का समापन एक दिन पहले 14 सितंबर को किया जाएगा।
उपायुक्त मंडी करेंगे मेले का शुभारंभ
मेला कमेटी के उपाध्यक्ष फतेह राम ने बताया कि सात दिवसीय मेले का शुभारंभ 7 सितंबर, सोमवार को उपायुक्त मंडी द्वारा किया जाएगा। मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
महिला मंडलों और स्कूली बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं
9 और 10 सितंबर को महिला मंडलों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे, जिसमें बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं
11 और 12 सितंबर को कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न टीमें इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी और खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
13 सितंबर को कुश्ती दंगल
मेले में पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया गया है। 13 सितंबर को कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय पहलवानों के साथ अन्य क्षेत्रों से आने वाले पहलवान भी दमखम दिखाएंगे।
दो रात सजेगी स्टार नाइट
मेले के दौरान 12 और 13 सितंबर को रात्रि संध्या यानी स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा।
12 सितंबर की स्टार नाइट में प्रसिद्ध कलाकार डाबेराम कुलवी मुख्य स्टार कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगे। वहीं 13 सितंबर को इंडियन आइडल और सारेगामापा फेम ममता भारद्वाज अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।
14 सितंबर को होगा मेले का समापन
मेला कमेटी के उपाध्यक्ष फतेह राम ने बताया कि मेले का समापन 14 सितंबर को होगा। समापन समारोह में विधायक अनिल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से मेले के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। कमेटी का कहना है कि मेले के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।





