यूजीसी रोल बैक के नारों से गूंज उठा हमीरपुर का गांधी चौक सामान्य वर्ग ने यूजीसी की नई गाइडलाइन का किया विरोध, जाति नहीं आर्थिक आधार पर आरक्षण की उठाई मांग

29 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर। केंद्र सरकार की ओर से यूजीसी की नई गाइडलाइन जारी किए जाने के विरोध में सामान्य वर्ग के लोगों ने हमीरपुर शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। भोटा चौक से गांधी चौक तक निकाली गई रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी की गाइडलाइन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

गांधी चौक पर आयोजित सभा में सामान्य वर्ग के लोगों ने “यूजीसी रोल बैक” के नारे लगाए। इस दौरान “जय भवानी, जय जवानी” के उद्घोष से गांधी चौक गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने जाति आधारित आरक्षण के खिलाफ एकजुटता जताते हुए आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग उठाई।

आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सामान्य वर्ग में भी बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। सामान्य वर्ग से होने के कारण उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने मांग की कि आरक्षण का आधार जाति नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति हो, ताकि जरूरतमंद और पात्र लोगों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 65 से 70 वर्षों से गरीब वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है और जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था का लाभ सीमित संख्या में लोग ही उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से देश में ऐसी नीतियां बनाने की मांग की, जो जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को आधार मानें।

एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया

प्रदर्शन के दौरान यूजीसी से जुड़े प्रावधानों और एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में इसके दुरुपयोग को रोकने के पर्याप्त प्रावधान नहीं हैं।

उन्होंने सरकार से कानूनों की समीक्षा करने और कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी प्रावधान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया तो सामान्य वर्ग के सांसदों और विधायकों से भी अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाने की अपेक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जनप्रतिनिधियों के आवासों का घेराव भी किया जाएगा।

“2027 और 2029 दूर नहीं”

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 2027 और 2029 के चुनाव दूर नहीं हैं और यदि सामान्य वर्ग की मांगों की अनदेखी जारी रही तो इसका जवाब चुनाव में दिया जाएगा। उन्होंने सरकारों से जाति आधारित राजनीति से ऊपर उठकर समानता और आर्थिक आधार पर नीतियां बनाने की मांग की।

“आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए”: जोगिंद्र ठाकुर

जिला राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष जोगिंद्र ठाकुर ने कहा कि यूजीसी की नई गाइडलाइन के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सामान्य वर्ग के लोग शामिल हुए और यूजीसी रोल बैक की मांग उठाई गई।

उन्होंने कहा कि आरक्षण जातीय आधार पर नहीं बल्कि आर्थिक आधार पर होना चाहिए। सरकार को जो भी कानून बनाने हैं, उनमें आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बाइट: जोगिंद्र ठाकुर, अध्यक्ष जिला राजपूत कल्याण सभा

“आरक्षण समाप्त होना चाहिए”: नरेंद्र ठाकुर

भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था समाप्त होनी चाहिए और इसके लिए सामान्य वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल या नेता आरक्षण के नाम पर वोट मांगता है तो उसका बहिष्कार किया जाना चाहिए।

नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि जाति के आधार पर वोट मांगना समाज को बांटने वाला काम है। उन्होंने आरक्षण को जाति के बजाय आर्थिक आधार से जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि इससे वास्तविक रूप से जरूरतमंद और योग्य व्यक्ति को लाभ मिल सकेगा।

Share the news