
16 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल ने निंबस एकेडमी फॉर आईएएस, चंडीगढ़ के सहयोग से 15 और 16 अक्टूबर को करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें विभिन्न संकायों के लगभग 150 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला में विशेषज्ञ विद्यार्थियों को परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम, समसामयिक घटनाक्रम, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी की रणनीतियों के बारे में मार्गदर्शन दे रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने विद्यार्थियों को समर्पण और योजनाबद्ध तरीके से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक सहायक प्रोफेसर अजय कुमार ने स्पष्ट करियर लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित तैयारी के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर सुरेंदर कुमार, डॉ. हीरामणि, डॉ. प्रियंका ठाकुर और सहायक प्रोफेसर डिंपल जामता भी उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को सही करियर चुनने और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में सहायता प्रदान करना है।





