लाहौल में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो पिकअप, पति-पत्नी की मौत, एक घायल

केलांग। जिला लाहौल एवं स्पीति में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पियुकर लिंक रोड से टांडी की ओर जा रही बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में जा गिरी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा 26 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:45 से 3:50 बजे के बीच हुआ। बोलेरो पिकअप (HP42-3830) टांडी पुल के सामने सड़क पार करते समय एक तीखे मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और गहरी खाई में लुढ़क गई।

हादसे में वाहन चालक अजय पुत्र दीवान चंद और उनकी पत्नी अंजली, दोनों निवासी कटरीन, मनाली, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, वाहन में सवार सक्षम पुत्र जवाहर लाल, निवासी लापशक, तहसील केलांग, जिला लाहौल एवं स्पीति घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक शिकायत के अनुसार, हादसे की वजह तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना बताई जा रही है। पुलिस थाना केलांग में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने, तीखे मोड़ों पर गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Share the news